if (window.top.location.href !== window.self.location.href && !window.top.location.href.startsWith('https://mail.swargarohan.org/')) { window.top.location.href = window.self.location.href; }

Swargarohan | સ્વર્ગારોહણ

Danta Road, Ambaji 385110
Gujarat INDIA
Ph: +91-96015-81921

धर्मशाला के निवास दौरान जो भी वक्त मिला, उसे साधना में व्यतीत करने का मैंने भरपूर प्रयास किया । उन दिनों मेरा मन विशेषतः जप करने में लगा था । दिन का काफि हिस्सा मैं जप करने में व्यतीत करता था । जप करने से कई फायदें होते है और अंततः सिद्धि-प्राप्ति होती है एसा मैने पढा था ।

देवकीबाई धर्मशाला में करीब तीन-चार मास गुजर जाने के बाद मेरा मन थोडा अस्वस्थ रहने लगा । धर्मशाला का विपरित वातावरण या साधना पथ की कठिनाईयों का मन में उठा खयाल उसके लिए जिम्मेदार था । उन दिनों मेरा परिचय एक योगी पुरुष से हुआ । उन्होंने मुझे हररोज एक हजार गायत्रीमंत्र का जप करने के लिए कहा । मैंने उनका कहना मानकर उनकी सलाह का अमल किया । मेरे आश्चर्य और आनंद के बीच मेरा मन स्थिर होता चला । मेरे मन में नविन आशा और उत्साह का संचार हुआ । अब तक मैंने केवल जप की महिमा के बारे में सुना था मगर जात-अनुभव के बाद मुझे यकीन हो गया ।

अकेला रहने की मुझे आदत थी मगर खाना पकाने का मेरे लिए यह पहेला मौका था । धर्मशाला में आने से पहले मुझे पाकशास्त्र का कोई अनुभव नहीं था । रोटी बुनने या कडछी पकडकर खाना पकाने में मै माहिर नहीं था मगर मैंने प्रयोग करना शुरु किया । धर्मशाला में रहनेवाली बहनें खाना पकाने के बारे में मुझे मार्गदर्शन देती थी, जिससे मेरा काम आसान होता चला । कुछ ही दिनो में मै अपने लिए खानेलायक भोजन पकाने लगा । हाँ, किसी और को खिला सकूँ एसा स्वादिष्ट पकाने की विद्या हस्तगत करते हुए मुझे काफि वक्त लगा ।

चूँ कि मैं ट्रस्टीयों का भेजा हुआ आदमी था इसलिए लक्ष्मीबाई मेरी किसी भी प्रकार से सहायता करने के लिए राजी नहीं थी । वो मुझे अपना दुश्मन समझती थी और जो मन में आए वो गालियाँ देती थी । वो हमेशा मुझे परेशान करने के तरीके ढूँढती रहती ताकि मैं धर्मशाला छोडकर भाग जाउँ । ट्रस्टीयों को यहाँ की परिस्थिति के बारे में पूर्णतया अवगत कराने के अलावा मेरे पासे ओर कोई चारा नहीं था । मैं समझता था कि लक्ष्मीबाई को मेरा धर्मशाला में रहना कतै पसंद नहीं है मगर अपनी जिम्मेदारीओं के आगे मैं लाचार था । इस दुविधा के सुखद अंत के लिए मैं हररोज ईश्वर से प्रार्थना करता था । साथ में ये भी खयाल रखता था कि लक्ष्मीबाई प्रति मेरे मन में कोई प्रतिशोध की भावना हो । यहाँ तक की हप्ते में एक बार मैं लक्ष्मीबाई को मिलकर प्यार से समझाने की कोशिश करता । मै कहता, मेरे यहाँ आने से आपको कष्ट होता है, यह मैं समझ सकता हूँ, मगर मैं लाचार हूँ । मुझे ट्रस्टीयों की आज्ञानुसार व्यवहार करना पडता है । मेरे कारण आपको जो परेशानी हो रही है, उसके लिए मैं आपकी माफि चाहता हूँ ।

कुछ पल के लिए लक्ष्मीबाई को मेरी बात सुनकर अच्छा लगता, मगर बाद में अपने स्वभाववश होकर वे मुझे गालिगलोच देना शुरु कर देती । उसकी ढेरों गालियाँ खाने पर भी मैंने कभी प्रत्युत्तर में उसको कुछ नहीं कहा । मेरे लिए तो उसकी गालियाँ ईश्वर की ओर से ली जानेवाली सहनशक्ति की परीक्षा थी ।

एक दफा लक्ष्मीबाई आवेश में आकर बहुत कुछ बोलने लगी तो चंपकभाई से रहा नहीं गया । वो लक्ष्मीबाई को प्रत्युत्तर देने के लिए तैयार हो गये तब मैंने उनको ईशारे से रोक लिया । उन दिनों मैं मौनव्रत धारण करता था इसका उल्लेख मैंने आगे कर दिया है । हाँ, चंपकभाई के बारे में बताना मैं भूल गया ।

चंपकभाई से मेरा प्रथम परिचय स्वर्गाश्रम में हुआ । वहाँ वटवृक्ष के नीचे जयदयाल गोयन्काजी का सत्संग चलता था । मैं कभी कभी वहाँ जाता था । एक बार सत्संग खत्म होने पर मैं कुछ गुजराती भाईयों से बातें कर रहा था, तब किसीने मेरी पहेचान उनसे करवाई । मेरी छोटी उम्र देखकर चंपकभाई को जिज्ञासा हुइ । उन्होंने मुझे कुछ प्रश्न पूछे, जिसका मैंने प्यार से उत्तर दिया । जब शाम होने पर मैं अपने निवासस्थान पर लौट रहा था तब वो आकर मुझे मिले और मेरे साथ आने लगे । बाजार से गुजरकर हम धर्मशाला पर आये । वहाँ उन्होंने मेरी रोजनिशी पढी । जब निकलने का वक्त आया तो उन्होंने मेरे साथ रहने की इच्छा व्यक्त की ।

मैंने साफ कहा, आप अगर मेरे साथ रहेना चाहो तो मुझे कोई आपत्ति नहीं है मगर मेरे साथ रहने में आपको मजा नहीं आयेगा । दिन का ज्यादातर वक्त मैं साधना में बिताता हूँ । सप्ताह में दो दिन मौन रखता हूँ । हररोज दोपहर को दो बजे से लेकर पाँच बजे तक जप करता हूँ, और उस वक्त कमरे की खिडकियाँ बन्द रखता हूँ । उस वक्त अगर आप चाहे तो कमरे में बैठ सकते हो या कहीं बाहर जा सकते हो । इतना कुछ सुनने के बाद अगर आपको लगता है कि मेरे साथ रहना आपको पसन्द आयेगा तो आपका स्वागत है ।

मेरी बात सुनकर वह प्रसन्न हुए । उन्होंने भगवान आश्रम में एक कमरा किराये पर लिया था । शुरु के दिनों में वो दिन का काफि वक्त मेरे साथ गुजारते थे और रात होने पर अपने कमरे में जाकर सो जाते थे । भोजन हम साथ में पकाते थे । वो मुझे हो सके उतनी सहायता पहूँचाने की कोशिश करते थे । जब मैं जप करने के लिए बैठता तो वो राधाकृष्ण की छबी के सामने बैठकर जप करने का प्रयास करते थे । वक्त गुजरते हमारा प्यार बढता चला ।

जान-पहचान बढने से हम एक-दूसरे को अच्छी तरह समझने लगे । चंपकभाई का स्वभाव शांत और परगजु था । वो किसी भी व्यक्ति से बहुत जल्दी मित्रता कर सकते थे । अनजान लोगों से बात करने में और स्नेहसंबंध प्रस्थापित करने में उनको कोई दिक्कत नहीं आती थी । सौराष्ट्र के देशी राज्यों की आझादी की लडाई में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी । सन 1942 की भारत छोडो लडाई में वो बंबई में पकडे गये थे । कुछ अरसे बाद बडी हिम्मत से दिनदहाडे जेल से वो भाग निकले थे । इससे वाचको को उनके हिम्मत और साहस का अंदाजा होगा । तीस-बत्तीस साल की उम्र में उन्होंने बहुत सारी दुनिया देख ली थी । बंबई जेल से बाहर निकलने के बाद अपने किसी मित्र की सलाह पर वो मसूरी के लिए रवाना हुए मगर मसूरी के बजाय ऋषिकेश आ पहूँचे । कृश तन और खादीवस्त्र-धारी नवयुवक को मिलकर मुझे हर्ष हुआ । चंपकभाई में आदर्श मानव के लक्षण दिखाई देते थे । उनके स्नेही तथा मित्र उनकी आर्थिक जिम्मेवारी निभाते थे । वे उन्हें नियमित रूप से पैसे भेजते थे इसलिए कई ओर लोगों की तरह चंपकभाई को आर्थिक चिंता नहीं सताती थी । ईश्वरने किसी खास हेतु से उन्हें मेरे पास भेज दिया था । शायद ईश्वर की मरजी उनके सुषुप्त आध्यात्मिक संस्कारो का संवर्धन करने की और  उन्हें अवनविन अनुभव देने की थी ।

 

We use cookies

We use cookies on our website. Some of them are essential for the operation of the site, while others help us to improve this site and the user experience (tracking cookies). You can decide for yourself whether you want to allow cookies or not. Please note that if you reject them, you may not be able to use all the functionalities of the site.