if (window.top.location.href !== window.self.location.href && !window.top.location.href.startsWith('https://mail.swargarohan.org/')) { window.top.location.href = window.self.location.href; }

Swargarohan | સ્વર્ગારોહણ

Danta Road, Ambaji 385110
Gujarat INDIA
Ph: +91-96015-81921

चंपकभाई के साथ मेरा स्नेहसंबंध दिन-प्रतिदिन बढता चला । एक दफा मैं चंपकभाई के साथ दहेरादून गया । वहाँ जाकर हमने कुछ दिनों तक अभय-मठ में निवास किया । उन दिनों की ये बात है । मठ के आसपास रहनेवाले दो व्यक्ति मुझे मिलने के लिए शाम को आते थे मगर मुझे ध्यान में देखकर वापिस चले जाते थे । उन्होंने चंपकभाई को कहा कि उन्हें महात्माजी से (मुझसे) मुलाकात करनी है ।

जब चंपकभाईने उनकी दिलचस्पी की वजह पूछी तो उन्होंने अपने स्वप्न दर्शन की बात बताई जिसमे उन्होंने मुझे देखा था । उन्होंने ये कहा की उनकी इच्छा महात्माजी को अपने घर ले जाकर आतिथ्य सत्कार करने की है ।

चंपकभाई को यह बात सुनकर हैरानी हुई । उन्होंने मुझे ये बात बताई । मुझे भी ताजुब्ब हुआ । एक दिन जब हम दोनों – मैं और चंपकभाई – अभयमठ में टहल रहे थे तो वे आ पहूँचे । उस वक्त मेरा मौनव्रत था इसलिए मैंने इशारे से उनको अगले दिन मिलने के लिए आने का सूचन किया । जब वे मिलने आयें तो उनका आग्रह देखकर मैंने उनके घर भोजन के लिए जाना स्वीकार किया ।

दूसरे दिन सुबह होते दोनों भाई हमें ले जाने के लिए आ पहूँचे । कुछ औपचारिक बातें करने के बाद हम उनके घर की ओर चल पडे । उन्होंने बडे प्यार से हमें भोजन करवाया । भोजन के बाद जब हम निकल रहे थे तो अंदर से वृद्ध माताजी बाहर आई । उनके हाथ में पानी से भरी हुई कटोरी थी । उनकी इच्छा थी की मैं वो कटोरी को स्पर्श करुं ताकि वो पानी पीने से उसकी बिमारी ठीक हो जाय । वृद्धा लंबे अरसे से पथारीवश थी । डॉक्टरों के इलाज के बावजूद उसके स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हुआ था । बिमार व्यक्ति हमेशा किसी साधुसंत से आशीर्वाद की कामना करतें है । वृद्ध माताजी कोई अपवाद नहीं थी । उनकी मरजी मुझसे स्पर्श करवाने की थी मगर मुझे अपनी योग्यता के बारे में सोचना था । मेरा मानना था कि मैं एक साधारण व्यक्ति था । मुझमें ना तो कोई विशेष योग्यता थी और ना ही कोई सिद्धि या शक्ति । वृद्धा की प्रार्थना स्वीकार करना मुझे ठीक नहीं लगा । मैंने उनको समझाने का भरपूर प्रयास किया मगर वो अपनी बात पर अडी रही । मैंने घर के लोगों को माताजी को समझाने के लिए विनती की मगर उन्होंने वृद्धा का समर्थन किया । अब वृद्धा की प्रार्थना स्वीकार करने का दबाव मुझ पर आ पडा ।

मैंने कहा, मैं संतपुरुषों के आशीर्वाद में अवश्य यकीन करता हूँ मगर आजकल एसे समर्थ संतपुरुष कहाँ दिखाई देते है ? ज्यादातर साधुसंत साधारण योग्यतावाले होते है और चमत्कार की बातें करके आम आदमी को लूटते है । आप तो पढे-लिखे हो फिर भी आप इस बात को प्रोत्साहन दे रहे हो यह आश्चर्यजनक है । सिद्ध संतपुरुषों के आशीर्वाद में असाधारण शक्ति होती है ओर असंभव को संभव करने की ताकत होती है । मगर मैं तो एक साधारण साधक हूँ । मेरी मर्यादाओं का मुझे अच्छी तरह से ज्ञान है । इसलिए मेरा आपसे नम्र निवेदन है कि आप वृद्ध माताजी को समझायें । अगर वो मान जायेगी और अपना आग्रह छोड देगी तो मुझे बहुत आनंद होगा ।

मगर वृद्ध माताजी अपनी बात पर दटी रही । अन्त में मुझे उनकी भावना का समर्थन करना पडा । मैंने उनसे कहा कि सिर्फ आपके कहने पर मैं इस कटोरी को स्पर्श कर रहा हूँ । आपका स्वास्थ्य अच्छा हो या न हो यह ईश्वर के हाथ में है ।

अभयमठ में वापिस आने के बाद मैंने चंपकभाई से कहा की अब यहाँ ज्यादा रहना अच्छा नहीं होगा । जैसे जैसे हमारा परिचय बढता जाएगा, अज्ञातवास में रहकर एकांतिक जीवन बीताना मुश्किल हो जायेगा । बहेतरी इसमें होगी अगर हम वापिस ऋषिकेश की ओर चल पडें । अगर आपकी इच्छा हो तो आप दहेरादून में रुक सकते हो, मगर मैं तो आज ही ऋषिकेश के लिए प्रस्थान करूँगा ।

चंपकभाई मेरी बात से सहमत हुए । मैं उसी शाम दहेरादून से ऋषिकेश के लिए निकल पडा । कुछ दिन वहाँ रुकने के बाद चंपकभाई ऋषिकेश आये । उन्होंने मुझे बताया कि मेरे जाने के बाद दोनों भाई मुझे ढूँढते हुए वहाँ आये थे । साथ में कुछ ओर लोग भी दर्शन के लिए आये थे । वृद्ध माताजी का स्वास्थ्य कटोरी का पानी पीने के बाद सुधरने लगा था । घर के सभी लोगों की आस्था मेरे प्रति बढ गई थी । वे चंपकभाई को मेरा ऋषिकेश का पता पूछ रहे थे । मैंने चंपकभाई को मना किया था इसलिए उन्होंने पता बताने से इन्कार किया ।

मैंने कहा, केवल इश्वर की कृपा से वृद्धा को आराम हुआ वरना मुझमें एसी क्या है ? यह तो एसा हुआ मानो कौआ डाली पर बैठा और डाली तूट गई । इस बात से मुझे गर्व करने की  या बेवजह खुश होने की आवश्यकता नहीं है ।

चंपकभाई के नाम अंग्रेज सरकार का वारंट था इसलिए उन्हें बडी सावधानी बरतनी पडती थी । उन्होंने अपना नाम बदल कर मनुभाई कर दिया था । अपने मित्रों के साथ पत्रव्यवहार में भी वो मनुभाई नाम का प्रयोग करते थे । बंबई की पोलिस उन्हें ऋषिकेश आकर कब ढूँढ निकाले यह किसको पता ? सदैव जाग्रत और होंशियार रहने में उनकी भलाई थी ।

कुछ हप्ते बाद हम दहेरादून के पास सहस्त्रधारा नामक सुंदर स्थान को देखने के लिए गए थे । नाम के अनुरुप वहाँ पानी की सहस्त्र धाराएँ बहती है । उस स्थान को देखकर मुझे बड़ी प्रसन्नता हुई । लौटते वक्त रायपुर में हमें माता आनंदमयी के दर्शन का लाभ मिला । उनका व्यक्तित्व आकर्षक था । हमने रायपुर के उनके आश्रम की मुलाकात ली ।

दहेरादून में श्री भैरवदत्त जोशी नामक एक योगीपुरुष निवास करते थे । उनसे मेरी पहेली मुलाकात ऋषिकेश के भरत मंदिर में हुई थी । साधना के पथ पर उन्हों ने काफि प्रगति की थी । उनके साधनात्मक अनुभवों को सुनकर बडा आनंद मिलता था । उनका स्वभाव शांत था । वे औषधि के बहुत अच्छे ज्ञाता थे । गृहस्थाश्रम में प्रवेश करने के बावजूद उनका मन ईश्वरपरायण था । आत्मिक उन्नति की इच्छा वाले सांसारिक जनो के लिए उनका जीवन अनुकरणीय था । अपने पूर्व जीवन में वो सरकारी नौकरी करते थे । किसी कारणवश उन्होंने नौकरी छोड दी थी और अपना पूरा ध्यान साधना में केन्द्रित किया था । मुझे मिलनेवाले कई नामी-अनामी सज्जन पुरुषों की गिनती में उनका विशेष स्थान है । वो न केवल मुझ पर विशेष प्यार बरसाते थे मगर चंपकभाई को अच्छा मशवरा भी देते थे ।

 

We use cookies

We use cookies on our website. Some of them are essential for the operation of the site, while others help us to improve this site and the user experience (tracking cookies). You can decide for yourself whether you want to allow cookies or not. Please note that if you reject them, you may not be able to use all the functionalities of the site.