if (window.top.location.href !== window.self.location.href && !window.top.location.href.startsWith('https://mail.swargarohan.org/')) { window.top.location.href = window.self.location.href; }

Swargarohan | સ્વર્ગારોહણ

Danta Road, Ambaji 385110
Gujarat INDIA
Ph: +91-96015-81921

साबरमती से बंबई होकर हम मद्रास (चेन्नई) आये। यहाँ एक दिन प्रार्थना करते वक्त अंतःस्फुरणा हुई इसलिये रामेश्वर आये । रामेश्वर की गिनती भारत के चार प्रख्यात यात्राधामों में होती है ।

रामेश्वर आकर मंदिर के बगल की धर्मशाला में कमरा लिया । जब धर्मशाला की छत पर टहलने गया तो मन में विचार आया की रामेश्वर आने की प्रेरणा क्यूँ हुई ? मैंने मद्रास में शिवरात्री के पावन पर्व पर शिवमहिम्नस्तोत्र का पद्यानुवाद पूर्ण किया था । शायद भगवान शिव मेरे इस कार्य से प्रसन्न होकर मुझे यहाँ लाना चाहते थे ?

रात को हम मंदिर में दर्शन करने गये । मंदिर में नयनाभिराम मूर्ति के दर्शन करके बडी प्रसन्नता हुई । मंदिर की भव्यता ने मेरा मन मोह लिया । मंदिर के चारों ओर असंख्य स्तंभ है, जिन पर नाजुक मीनाकारी की गयी है । हमें लगा की हमारा रामेश्वर आना सफल हुआ ।

मंदिर से थोडी दूरी पर समंदर है । उसकी शोभा देखते ही बनती है । न जाने कितने युगों से वो अपने अनगिनत तरंगो से भगवान आशुतोष की आरती उतार रहा है ।

मंदिर के आसपास, सभी जगहों पर याचक दिखाई पडे । उम्र में छोटे, बडे, सब यात्रीओं से पैसा माँग रहे थे, या यूँ कहो की, पैसे के लिये बिलख रहे थे । मुझे यह देखकर दुःख हुआ । देश के छोटे या बडे, शिक्षित या अशिक्षित, धनी या साधारण – सभी नागरिकों का कर्तव्य बनता है की वो अपनी जरूरत से ज्यादा इस्तमाल न करे और अनावश्यक किसी जरूरतमंद को दे । संयम, अपरिग्रह और त्यागभाव से हम निश्चित यह परिस्थिति दूर कर सकते हैं ।

दुसरे दिन सुबह, जब हम मंदिर गये, पूजारी ने भगवान रामेश्वर पर चढाई हुई पुष्पमाला हमे भेंट दी । मुझे लगा की भगवान शंकर ने मेरे जैसे साधारण प्रेमी का स्वागत किया । शाम के वक्त हम रामझरुखे के दर्शन करने गये । उसका रास्ता हनुमान मंदिर होकर गुजरता है । हनुमानजी राम के परम भक्त है । जो भी यहाँ होकर गुजरता है उन्हें प्रसाद दिया जाता है । रामझरुखे का मार्ग चाहे कष्टप्रद हो, उसकी शोभा देखते ही बनती है । यह स्थान उचाँई पर है, और यहाँ से समंदर साफ दिखाई पडता है । यहाँ से रामेश्वर मंदिर के भी दर्शन होते है । यहाँ आकर मन करता है की एक झरुखा लगाकर बस जायें । हम रामझरुखा पहूँचे तब शाम होने आयी थी, सूर्यास्त हो रहा था ।

कहते है की रामझरोखे पर बैठकर भगवान राम लोगों की सलामी कबूल करते थे ।
राम झरोखे बैठकर सबका मुजरा लेत,
जाकी जेसी चाकरी वैसा ही फल देत ।
जगनियंता प्रभु परमेश्वर भी हम सब को अपने कर्मानुसार फल प्रदान करते है ।

रामझरुखे से हमने भगवान रामेश्वर और आसपास के वायुमंडल को प्रणाम किया । फिर कुंड पर गये और जंगल के रास्ते आगे चलते रहें । खुले आकाश में अभी-अभी चाँद निकला था, हमे लगा वो हमारा पीछा कर रहा है ।
*
धर्मशाला में एक वयोवृद्ध विद्वान संन्यासी से भेंट हुई । वो रामेश्वर तीर्थयात्रा हेतु आये थे । उन्होंने अपनी दास्ताँ सुनाई । युवावस्था में जब वे रतलाम के पास अपने जन्मस्थल में थे, तब ऋषिकेश के जनार्दन स्वामी चातुर्मास करने आये थे । जनार्दन स्वामी शास्त्रज्ञ, अत्यंत मेधावी और प्रकांड पंडित थे । वे अद्वैत तथा मंत्रतंत्र में रुचि रखते थे । उन्होंने यह संन्यासी पर, जो की तब साधारण ब्राह्मिन युवक था, तंत्रमार्ग का विलक्षण प्रयोग किया । इसके पश्चात जनार्दन स्वामी की मौत हुई और वो ब्रह्मराक्षस हुए । तब से लेकर आज तक, यानि पीछले बीस साल से, वो संन्यासी महाराज को परेशान कर रहे थे । उनके मन पर जनार्दन स्वामी का प्रभाव था ।

मैंने उनसे पूछा : 'क्या आपको ब्रह्मराक्षस हररोज दिखाई देता है ?'
'हाँ' उन्होंने उत्तर दिया ।
'कब ?'
'किसी भी वक्त पर । उसका कोई निश्चित समय नहीं होता ।'
मुझे उनकी बातों में दिलचस्पी हुई ।
'वो कैसे स्वरूप में दिखाई देते है, ये बतायेंगे ?'
'विभिन्न रूपों में दिखाई पडते है । कभी साँप के रुप में तो कभी बाघ, सिंह या मनुष्य के रुप में । वो अपनी मरजी के मुताबिक रुप धारण करते है, और विभिन्न स्वर निकालते है । कभी कहते हैं की वो मेरे अलावा किसीको परेशान नहीं करेंगे ।'
'मगर आपने उनको पूछा नहीं की वो एसा क्यूँ करते है ? आपने उनका क्या बिगाडा है ? इतने प्रकांड पंडित होने के बावजूद उन्हें मुक्ति की इच्छा नहीं होती ?'
'नहीं, वो मुक्ति पाना नहीं चाहते । वो कहते हैं की इस योनि में उन्हें आनंद मिलता है । किसी देवीदेवता की कृपा हो जाय तो वो इस योनि से मुक्त हो सकते हैं ।'

संन्यासी महाराज अत्यंत व्यथित थे । बात करते वक्त मन पर उनका काबू नहीं रहता था । लगता था जैसे कोई परवश आदमी किसीके कहने पर बोल रहा हो ।

दोपहर में उन्होंने अपने कमरे में ले जाकर मुझे किताबों से भरा बक्सा बताया और कहा : 'यह सब मेरी है, मैंने इनका अध्ययन किया है । मुझे दुःख है की मेरे जीवन की गाडी किसी ओर पटरी पर चली गयी है । मैं इश्वर से प्रार्थना करता हूँ की मुझे इससे बाहर निकाले ताकि मेरे जीवन में उजाला हो, मुझे शांति मिले ।'

मैंने कहा : 'मैं भी आपके लिये प्रार्थना करूँगा । इसके अलावा अभी कुछ कह नहीं सकता । अगर एसे कोई महापुरुष से मेरी मुलाकात होती है तो मैं आपके बारे में अवश्य बताउँगा ।'

मेरी बातों से उनको तसल्ली हुई ।

We use cookies

We use cookies on our website. Some of them are essential for the operation of the site, while others help us to improve this site and the user experience (tracking cookies). You can decide for yourself whether you want to allow cookies or not. Please note that if you reject them, you may not be able to use all the functionalities of the site.