if (window.top.location.href !== window.self.location.href && !window.top.location.href.startsWith('https://mail.swargarohan.org/')) { window.top.location.href = window.self.location.href; }

Swargarohan | સ્વર્ગારોહણ

Danta Road, Ambaji 385110
Gujarat INDIA
Ph: +91-96015-81921
क्या आदमी अपने पूर्वजन्म के बारे में जान सकता है ? मैं उसके प्रत्युत्तर में कहना चाहूँगा की हाँ, अवश्य जान सकता है । आज तक कई लोगों को एसा ज्ञान हुआ है और मेरा मानना है की संनिष्ट प्रयास करनेवाले अन्य लोगों को भविष्य में एसा ज्ञान हो सकता है । पूर्वजन्म के बारे में संदेह करने की आवश्यकता नहीं है । हमारे धर्मग्रंथो में पूर्वजन्म के बारे में बहुत कुछ लिखा गया है । भगवद् गीता में भगवान कृष्ण ने अर्जुन को कहा, हे अर्जुन, तेरे और मेरे अनेक जन्म हो चुके हैं । मैं उन सबके बारे में जानता हूँ मगर तू उसे नहीं जानता । तुलसीकृत रामायण में काकभुशुंडजी अपने पूर्वजन्मों के बारे में बताते हैं । श्रीमद् भागवत में जडभरत के पूनर्जन्म का प्रसंग आता है । हमारे धर्मग्रंथो में एसे कई उदाहरण हैं, मगर लोग अक्सर सोचतें हैं की यह सब पुरानी बातें हैं । उनको महात्मा वेदबन्धु जैसे अनुभवी संत की बातें सोचने पर मजबूर करेगी । वेदबंधु के अनुभव से सिद्ध होता है की आज भी साधक चाहें तो अपने पूर्वजन्म का ज्ञान पा सकता है । जिन्हें पूर्वजन्म के बारे में शंका है उन्हें प्रथम खुद कोशिश करके उसकी सत्यासत्यता को परखना चाहिए ।

पूर्वजन्म का ज्ञान पाने के लिये साधक को क्या करना चाहिए ? पातंजल योगदर्शन के विभूतीपाद के अढारवें सूत्र में इसका निर्देश है । महर्षि पतंजलि कहते हैं की अंतःकरण में स्थित संस्कारों पर संयम करने से योगी अपने पूर्वजन्म का ज्ञान पा सकता है । वो अगर चाहे तो इसी तरह से किसी अन्य व्यक्ति के बारे में भी जान सकता है । पातंजल योगदर्शन के साधनपाद के ३९ वे सूत्र में कहा गया है की अपरिग्रह का चुस्त पालन करने से पूर्वजन्म और वर्तमान जन्म के रहस्यों का ज्ञान होता है । अपरिग्रहस्थैर्यै पूर्वजन्मकथन्तासंबोध: - अर्थात् अपरिग्रहव्रत से भी पूर्वजन्म का ज्ञान हो सकता है ।

समाधि की सहायता से पूर्वजन्म को जानने का मार्ग योगग्रंथो में बताया गया है । इसके अतिरिक्त प्रेम या भक्ति का मार्ग भी है, जिसे आप ईश्वरकृपा का मार्ग कह सकते हैं । अगर कोई साधक अपने पूर्वजन्म के बारे में जानने के लिये ईश्वर से प्रार्थना करता है तो ईश्वरकृपा से उसे यह ज्ञान हो सकता है । कभीकभा सिद्ध-महापुरुष भी पूर्वजन्म का ज्ञान देते हैं । कई दफा एसा भी होता है की साधक को पूर्वजन्म का ज्ञान पाने की तीव्र ईच्छा नहीं होती, फिर भी ईश्वरकृपा से उसे यह ज्ञान मिलता है । वेदबंधु के अनुभव से यह सिद्ध होता है ।

पूर्वजन्म का ज्ञान आत्मज्ञान या आत्मानुभव से भी मिल सकता है । कुछ साधकों को स्वप्नावस्था या ध्यान तथा समाधि-अवस्था में एसी अनुभूति मिलती हैं । चंद साधकों को जागृत दशा में भी एसी अनुभूति होती है ।

मुझे याद पडता है की मेरी कुमारावस्था में, जब मैं एक महापुरुष का जीवनचरित्र पढ़ रहा था, मुझे एसा लगा की ये मेरा ही जीवनचरित्र है । तब तो मैं एक बालक-सा था, जीवन के रहस्य या साधना का कोई विशेष ज्ञान मेरे पास नहीं था, तथा वो महापुरुष की तुलना में मेरी योग्यता सिंधु के आगे बिन्दु के जैसी थी । अगर मैं अपने मन की बात किसीको बताता तो वो अवश्य हँसता । मगर एसा भाव मेरे दिल में क्यूँ पैदा हुआ इसकी कोई वजह मेरे पास नहीं थी । मानो यह भावानुभव बिल्कुल सहज था । शायद मेरे पूर्वजन्म की स्मृति मुझे झुँझला रही थी । वक्त के चलते हुए यह स्मृति-भाव शांत हुआ मगर मन अपना काम करने लगा । मैं सोचने लगा की मैं बिल्कुल सीधासाधा नवयुवान हूँ । क्या सचमुच पूर्वजन्म में मैं यह महापुरुष रहा हूँगा या मेरी भावनाएँ मुझे बहेका रही है ? जो भी हो, इस बात को मैं अपने मन से पूरी तरह से नहीं निकाल पाया ।

उस अनुभव को बरसों बीत गये । मैंने साधनात्मक जीवन शुरु किया, मेरी रहनसहन बदल गई । शांति की झंखना और आध्यात्मिक प्रगति को लेकर पूर्वजन्म की बात कहीं छीप गई । मगर वेदबंधुने टीहरी में जब अपने पूर्वजन्म की बात छेडी तो मेरे विचार पुनः प्रबल हो उठे । इतना कम था की देहरादुन में योगी भैरव जोशी से भेंट हुई । उनकी पूर्वजन्म की बातें सुनकर मुझे लगा की मुझे भी यह ज्ञान होना चाहिए । साधनापथ पर मुझे भिन्न-भिन्न अनुभवों को पाना चाहिए ।

मैं कई बार सोचता की मेरी उम्र के बहुत सारे नौजवान मौजमस्ती में अपना वक्त बीताते हैं तो मैं ईश्वर और आध्यात्मिकता की ओर क्यूँ खींचा चला जाता हूँ ? साधना द्वारा परमात्म-प्राप्ति करने की तमन्ना मुझमें ही क्यूँ है ? शायद इन प्रश्नों के उत्तर मेरे पूर्वजन्म में छीपे हैं । मेरे मन में मनोमंथन चलता रहा । आखिरकार मुझे लगा की तसल्ली के लिये भी मुझे पूर्वजन्म का ज्ञान हासिल करना चाहिए ।

मगर केवल इच्छा करने से क्या होता है ? पूर्वजन्म का ज्ञान पाने के लिये मेरे पास कोई विशेष साधनात्मक भूमिका नहीं थी । मेरे पास तो था केवल प्रार्थना का बल और ईश्वर पर अतूट भरोंसा । मैंने व्याकुल होकर दिनरात प्रभु से प्रार्थना करनी शुरु की । शुरु के एक-दो दिन भूखा रहा । मेरी तो यही रीत है । मेरे पास ज्ञान, भक्ति, तप या मंत्र का बल नहीं है, जो भी है वो प्रेम है । मुझे जो भी चाहिये वो मैं प्रभु से माँगता हूँ । जैसे बच्चा माँ से रोकर अपनी बात कहेता है इसी तरह मैं अपनी बात प्रार्थना के माध्यम से व्यक्त करता हूँ । मेरा जीवन उत्कट प्रार्थना और उसके फलस्वरूप हुई ईश्वरकृपा का परिणाम मात्र है । यही मेरी समग्र साधना का सारांश है ।

पूर्वजन्म का रहस्य ज्ञानने के लिये मैं आतुरता से प्रार्थना करने लगा मगर उसका कोई परिणाम नहीं मिला । वक्त के चलते पूर्वजन्म जानने का मेरा विचार मंद हो गया । फिर मैंने सोचा, अगर प्रभु की ईच्छा हुई तो वे मुझे पूर्वजन्म का ज्ञान अवश्य देंगे ।
*
उन्हीं दिनो, देहरादुन से दो संन्यासी भाई उत्तरकाशी आये थे । उनको जमनोत्री की यात्रा करनी थी । उन्होंने मुझे साथ चलने का निमंत्रण दिया । मैंने उसका सहर्ष स्वीकार किया । हम जमनोत्री के लिये निकल पडे । हमने आपस में तय किया था की यात्रा समाप्त होने पर हम उत्तरकाशी रूकेंगे ।

जमनोत्री की वह यात्रा मेरे लिये अत्यंत फलदायी सिद्ध हुई क्योंकि जमनोत्री के दर्शन होने के साथ-साथ वहाँ मुझे अपने पूर्वजन्म का ज्ञान मिला । ईश्वरने कृपा करके मेरी भावना पूर्ण की । आश्चर्य की बात तो यह है की जब मैंने प्रयत्न किया तब पूर्वजन्म का ज्ञान नहीं मिला, और जब प्रयास छोड दिया तो आकस्मिक यह ज्ञान मिला । सचमुच, ईश्वर की लीला अपरंपार है । हमारे कर्मों का फल हमें कब, कैसे और कहाँ मिलता है उसे कोई जान नहीं पाता । भूमि में बोया हुआ बीज जिस तरह निश्चित वक्त के बाद सुयोग्य वातावरण मिलने पर अंकुरित होता है, उसी तरह वक्त आने पर हमें अपने कर्मों का फल मिलता है । साधको से मेरी गुजारिश है की उन्हें कभी भी निराश नहीं होना चाहिए ।

We use cookies

We use cookies on our website. Some of them are essential for the operation of the site, while others help us to improve this site and the user experience (tracking cookies). You can decide for yourself whether you want to allow cookies or not. Please note that if you reject them, you may not be able to use all the functionalities of the site.