if (window.top.location.href !== window.self.location.href && !window.top.location.href.startsWith('https://mail.swargarohan.org/')) { window.top.location.href = window.self.location.href; }

Swargarohan | સ્વર્ગારોહણ

Danta Road, Ambaji 385110
Gujarat INDIA
Ph: +91-96015-81921
चंपकभाई के जाने के बाद मैंने सिर्फ दूध पर रहना शरू किया । दशरथाचल पर जो मौनव्रत शुरू हुआ था, अब भी जारी था । सच पूछो तो किसी के साथ बात करने की बिल्कुल इच्छा नहीं होती थी । मौन मेरे लिये स्वाभाविक हो गया था और मुझे उसमें बडा आनंद मिलता था । दिन का काफि सारा वक्त आत्मिक साधना में निर्गमन होता था । कभीकभा मैं देवप्रयाग के प्रसिद्ध ज्योतिषी चक्रधरजी के वहाँ जाता था । उन्होंने अपने घर में पुस्तकालय बनाया था । मैं वहाँ से कुछ किताबें लाकर पढ़ता था ।

एक दिन प्रेमयोग नामका पुस्तक मेरे हाथ लगा । उसके मुखपृष्ठ पर भगवान श्रीकृष्ण का रंगीन चित्र था, जिसे देखते ही मेरा मन मोहित हो गया । चित्र में पीतांबरधारी भगवान कृष्ण त्रिभंग करके कदंबवृक्ष के नीचे खडे थे । उनके गले में वैजंती माला, अधर पर मुरली और सर पे मोरमुकुट था । बगल में यमुनाजी का प्रवाह दिखाई पडता था । आंखो में अमृत घोले हुए भगवान कृष्ण प्रेम और लावण्य के साक्षात अवतार समान दिखाई देते थे । उनका दर्शन करके मेरा हृदय अनुराग से भर गया । मुझे लगा की अगर भगवान कृष्ण का यह चित्र इतना मनमोहक है तो स्वयं भगवान कृष्ण कैसे होंगे ? और भगवान कृष्ण पर गोपीयाँ क्यूँ फिदा न हो ? भगवान का स्वरूप ही एसा है की दर्शन करने पर किसीका भी मन मोहित हो जाय । जड़ और चेतन सब पर भगवान की मोहिनी चलती है, तो फिर आम आदमी की क्या गिनती ? भगवान राम के दर्शन मुझे हो चुके थे इसलिये भगवान के दिव्य स्वरूप का मुझे अंदाजा था । मैं मानता था की सब भगवान एक है, तात्विक रूप से उनमें कोई भेद नहीं है । मगर फिर भी भगवान कृष्ण के मनोहरी स्वरूप को देखकर मुझे उनके दर्शन की लगनी लगी ।

चाहे बूरी कहो या अच्छी, मगर मेरी एक आदत है । मुझे अगर किसी भी चिज की लगन लग जाय तो उसे पाकर ही मुझे चैन मिलता है । उसे पाने के लिये मेरा मन व्याकुल हो उठता है । रातदिन एक करके उसकी प्राप्ति के लिये मैं जो कुछ बन पडता है, पूरी श्रध्धा, आशा और हिंमत से करता हूँ और जब तक उसका कोई निश्चित परीणाम न मिले, मैं अपने प्रयास जारी रखता हूँ । मेरे साधनात्म जीवन की यही विशेषता है । मेरे जीवन में इसके कारण मैंने बहुत कुछ पाया है ।

कृष्ण भगवान के दर्शन की अभिलाषा से मैंने साधना का प्रारंभ किया । जीवन अल्प है, अनिश्चित है, पानी के प्रवाह की तरह निकलता जा रहा है । अगर हमें इस जीवन में कुछ हासिल करना हो तो प्रमाद का परित्याग करके परिश्रम करना होगा । आज करे सो काल कर – की सोच त्याग कर काल करे सो आज कर – की नीति अखत्यार करनी होगी । वर्तमान जीवन की परिसमाप्ति होने से पहले, जितनी भी जल्दी हो सके, ध्येयप्राप्ति के लिये अपना सबकुछ दाव पर लगाना होगा । तभी हम कुछ हासिल कर पायेंगे । जो केवल स्वप्न देखा करते है, और उसे साकार करने की साधना में एकजुट नहीं होते, वे सुखशांति की प्राप्ति नहीं कर सकते । केवल स्वप्नदृष्टा होने से काम नहीं चलेगा, उसे सिद्ध करने के लिये साधक को आवश्यक प्रयासों में जुटना होगा ।

मैंने कमरे की खिड़की पर किताब कुछ इस तरह रखी की भगवान कृष्ण के दर्शन हो । कंबल ओढकर आसन जमाकर मैंने भगवान के दर्शन के लिये जप-प्रार्थना का प्रारंभ किया । एक-दो दिन के बाद दूध लेना भी बन्द कर दिया । जब तक दर्शन न हों, कमरे से बाहर न जाने का और आसन से भी न उठने का निश्चय किया । रात को पैर फैलाकर सोने की आदत तो कब से छुट गई थी । रात को भगवान की तसवीर के आगे दीया जलाकर मैं जप और प्रार्थना करता रहा । मैं प्रभु से कहेता, हे प्रभु, मैं तो एक साधारण बालक हूँ । मेरे हृदय में आपके लिये जो पारावार प्रेम है, उसे मैं कैसे व्यक्त करूँ ? मुझे आपसे वार्तालाप करना है, आपके दर्शन करने है । कृपया मेरी बिनती ध्यान में लो, मेरी ईच्छा पूर्ण करो।'

मगर साधना करते-करते पूरे सात दिन निकल गये फिर भी भगवान कृष्ण के दर्शन नहीं हुए । मेरा मन बेचैन हो उठा, चिंता और ग्लानि से भर गया । मुझे लगा की मेरी दर्शन की कामना पूरी नहीं होगी क्या ? और अगर एसा ही होना है, तो फिर यह जीवन का क्या अर्थ ? अगर आज रात तक मेरी ईच्छा पूरी न हुई तो मैं ब्राह्ममुहूर्त में संगम पर जाकर देहत्याग कर दूँगा । भगवान का नाम लेकर देहत्याग करने से अगले जन्म में मुझे बचपन से ही ध्रुव और प्रह्लाद जैसी भक्ति मिलेगी और भगवान के दर्शन हो जायेंगे । मेरे बारे में कोई उल्टा-सीधा न सोचें, इसलिये मैं एक चिठ्ठी लिखकर छोड जाउँगा ।

बेशक, मेरा निर्णय प्रेम और समर्पण की भावना से भरा था मगर उचित नहीं था । ईश्वर की इच्छा कुछ ओर थी अतः उसका अमल नहीं हो पाया । मैंने अगर एसा किया होता तो अभी आत्मकथा का आलेखन कैसे कर पाता ? मैंने 'अगर' क्यूँ कहा उसकी स्पष्टता करना मुनासिब समजता हूँ । मुझे ईश्वर की कृपा में अतूट भरोंसा था, वह दीनदयाल, पतितपावन और शरणागतवत्सल है एसा मेरा मानना था । मुझे पूरा यकीन था की वो मुझे गंगा में डूबने नहीं देगा । जब मैं संगम में देहत्याग का प्रयास करूँगा, तब वह स्वयं प्रकट होकर मुझे बचा लेगा । क्योंकि अगर वह एसा नहीं करता तो लोग उसे प्रेमसिंधु और दयालु क्यूँ कहते ? मेरे जैसा एक साधारण बालक उनके दर्शन पाने के लिये अपना सबकुछ दाव पर लगाकर देहत्याग करें और वह दर्शन भी न दें, ये क्या बात हुई, लोग क्या सोचेंगे ? फिर तो ईश्वर की कठोरता का खयाल करके उसके दर्शन का प्रयास कौन करेगा ? मेरा देहत्याग प्रभु की महिमा के लिये कलंक बन जाय एसा कदापि नहीं हो सकता । मेरा मन कहेता था कि मेरे जीवन का एसा अंत नहीं हो सकता ।

मेरे लिये इश्वर ने कुछ ओर सोचकर रखा था । इसलिये आँठवे दिन की शाम होने पर मेरे विचारों में परिवर्तन आया । मेरा मन अद्वैत के भावों से भर गया । मुझे अनुभव हुआ की मैं मुक्त हूँ, सिद्ध हुँ, माया से रहित, परमशांति और परमानंद से भरा हूँ । मुझे शोक मोह और बंधन नहीं है । मैं समस्त संसार में व्याप्त, मन, बुद्धि, चित्त और अहंकार से पर हूँ, परमात्म स्वरूप हूँ । मेरा मन आत्मभाव से भर गया । जिस तरह से पूर के प्रचंड प्रवाह से तुटकर सब छिन्नभिन्न हो जाता है, बिल्कुल उसी तरह अद्वैत के भावों से कृष्णदर्शन की मेरी भावना शांत हो गयी ।

प्रेम और ज्ञान के दो भिन्न प्रवाह मेरे जीवन में शुरु से थे । कभीकभी प्रेम का प्रवाह प्रमत्त हो उठता तो कभी ज्ञान का, और कभी दोनों साथसाथ चलते थे । इस बार ज्ञान के प्रवाह ने प्रेम पर आधिपत्य किया । मगर प्रेमपंथ के यात्री के लिये यह ठीक नहीं है । उसे तो ज्ञान के प्रवाह को पीछे छोडकर अपने लक्ष्य को पाने की साधना में जुटे रहने की आवश्यकता है । तभी उसकी साधना संपूर्ण होगी । प्रेमपंथ के प्रवासी के लिये ऐसी जागृति आवश्यक है ।

कृष्णदर्शन के लिये सात दिन की साधना का इस तरह अंत हुआ मगर भगवान कृष्ण के लिये मेरे मन में जो भाव था वह यथावत रहा । भगवान श्रीकृष्ण का स्मरण-मनन चलता रहा । सात दिन की कठोर साधना से जो लाभ हुआ वह कायम रहा । उपवास खत्म होने के बाद भी भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन के लिये मेरे प्रयास जारी रहे ।

We use cookies

We use cookies on our website. Some of them are essential for the operation of the site, while others help us to improve this site and the user experience (tracking cookies). You can decide for yourself whether you want to allow cookies or not. Please note that if you reject them, you may not be able to use all the functionalities of the site.